कठुआ। त्रिड़वा गांव में बुधवार को हुई 11 लाख रुपये की चोरी का मामले पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए दिलवां निवासी राम सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उसके कब्जे से चोरी की गई धनराशि भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार त्रिड़वां निवासी मेहर सिंह पुत्र लाख सिंह ने लखनपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके घर से 10,97,750 रुपये चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और थाना प्रभारी संजीव चिब के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की छानबीन शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को चोर के संबंध में पुख्ता जानकारी मिली। इसके बाद दिलवां निवासी रामसिंह को हिरासत में ले लिया। जब उससे कड़ी पूछताछ की गई तो उसने मेहर सिंह के घर में चोरी करने की बात को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर चुराई गई नकदी भी बरामद की ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।