रियासी/पौनी। श्री शिवखोड़ी धाम में भगवान भोलेनाथ के दर्शनों को आई रायबरेली उत्तर प्रदेश निवासी एक महिला की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। उनकी पहचान राज रानी पत्नी सिया राम के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि राज रानी अपने परिजनों के साथ श्री माता वैष्णो देवी के दर्शनों को आई थीं। माता के दर्शन कर सभी लोग वीरवार को शिवखोड़ी धाम में पहुंचे। दोपहर के सभी ने आधार शिविर रनसू से शिवखोड़ी के लिए पैदल यात्रा शुरू की। बताया जाता है कि शिवखोड़ी गुफा के लगभग आधा किलोमीटर पीछे काली माता मंदिर के पास राज रानी चक्कर आने के बाद गिर पड़ीं। इसके बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों की मदद से पीएचसी रनसू में पहुंचाया, जहां उनको प्राथमिक उपचार देने के बाद पौनी में रेफर कर दिया गया। पीएचसी पौनी में राज रानी को मृत घोषित कर दिया गया। जरूरी औपचारिकता निभाने के बाद महिला के शव को उन के परिजनों के सौंप दिया गया।