कठुआ। शहर के पटेल नगर में चोरों ने एक बार फिर महिला डॉक्टर के सूने घर को निशाना बनाया और 50 तोले सोना और 20 तोले चांदी चोरी कर ले गए। चोरों ने वारदात को कब अंजाम दिया, इसके बारे में परिवार को भी पता नहीं लेकिन जब महिला डॉक्टर मंगलवार देर शाम अपने घर पहुंची तो चोरी का पता चला।
जानकारी के मुताबिक बिलावर के प्राथमिक उपचार केंद्र भड्डू में बतौर मेडिकल अफसर तैनात पटेल नगर निवासी डॉ. किरण ठाकुर अपनी ड्यूटी पर थीं और घर में ताला लगा था। इस चोरी में एक बात हैरान करने वाली है कि चोरों ने घर में कहीं अन्य तलाशी लेने की बजाय सीधा अलमारी को निशाना बनाया। वहां, उन्होंने लॉकर तोड़ा और उसमें बंद 50 तोले के करीब सोना और 20 तोले के करीब चांदी के गहने ले गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची थाना कठुआ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से परिवार के बयान दर्ज किए गए हैं और आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
नहीं छोड़ा कोई सुराग, डीवीआर भी ले उड़े
पटेल नगर निवासी डॉ. किरण ठाकुर के भाई राजिंदर सिंह ने बताया कि उसकी बहन प्राथमिक उपचार केंद्र भड्डू में बतौर मेडिकल अफसर तैनात हैं। सोमवार को वह ड्यूटी पर गई थीं। घर में ताला लगा था। मंगलवार देर शाम जब वह वापस लौटी तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो सब व्यवस्थित था। उन्होंने अपनी अलमारी चेक की तो लॉकर टूटा था और अंदर से सारे गहने गायब थे जबकि, गहनों के सभी बॉक्स वैसे ही व्यवस्थित ढंग से रखे गए थे। घर में कहीं तलाशी नहीं ली गई थी। उसके बाद जाते हुए चोर सीसीटीवी, डीवीआर उठाकर ले गए और जाते हुए कमरे को कुंडी लगाकर चले गए। उन्होंने आशंका जताई कि चोरी की वारदात रात को हुई है। दिन के समय यह सड़क काफी व्यस्त रहती है। राजिंदर ने बताया कि घर के आसपास सीसीटीवी लगे हैं, एक फुटेज मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बैंक लॉकर में गहने रखने की बनाई थी योजना, पूरी जिंदगी की कमाई पर किया हाथ साफ
राजिंदर ने बताया कि सारे सोने और चांदी को बैंक लॉकर में शिफ्ट करने का विचार बनाया गया था, इसीलिए सारे गहने एक ही जगह अलमारी के लॉकर में रखे थे। अस्पताल से छुट्टी न मिलने के चलते समय नहीं मिल पाया और यह वारदात हो गई। राजिंदर ने बताया कि उसकी बहन की जिंदगी भर की कमाई और शादी में माता-पिता द्वारा दिया गया सारा गहना चोरी हो चुका है। राजिंदर ने बताया कि किसी भेदी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। चोरी करने वाले को सब पता है कि वह कब डयूटी पर जाती है और कब वापस लौटती है।
11 दिन में पांच चोरी की वारदातों को दिया गया अंजाम
पटेल नगर में चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। इससे पहले 9 जनवरी को भी चोर एक सूने मकान से सोने, चांदी के गहने, बर्तन, 15 हजार नकद और अन्य सामान चुरा ले गए थे। इसका सुराग पुलिस अभी तक नहीं लगा पाई है। वहीं, 7 जनवरी को भी चोरों ने वार्ड 12 में दवाओं की दुकान के ताले तोड़ अंदर से एलईडी टीवी, नकदी और महंगी दवाएं चुरा लीं थी। उस मामले में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इसके अलावा, 10 जनवरी को चोरों ने बेड़ियां पत्तन के एक मकान और एक दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसकी भी जांच की जा रही है।