बिलावर। एक दिन पहले खरीदी नई कार से परिवार संग छुट्टी मनाने घर जा रहे बीएसएफ जवान की कार कठुआ के बनहोड़ के पास अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। हादसे में बीएसएफ जवान की 14 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। जबकि, बीएसएफ जवान की पत्नी और बेटा घायल हैं। उनका इलाज जीएमसी कठुआ में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक बीएसएफ जवान अनीस अहमद कश्मीर में तैनात हैं और 14 नवंबर को उन्होंने नई टोयोटा कार खरीदी। वह बिलावर के धार रोड से अपने घर उत्तराखंड जिला ऊधम सिंह, खेरा लक्षमीपुर जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी 32 वर्षीय साजा, बेटी 14 वर्षीय साफिया खातून और बेटा 10 वर्षीय मोहम्मद मुशर सवार थे। सुबह 6 बजे के आसपास जैसे ही उनकी कार धार रोड स्थित बनहोड़ के पास पहुंची तो अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार खाई में लुढ़क गई। तेज आवाज के बाद स्थानीय लोग और राहगीर वहां पहुंचे और पुलिस को सूचित कर सभी घायलों को पहले पीएचसी महानपुर ले जाया गया लेकिन वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी कठुआ रेफर किया गया। साफिया ने कठुआ जीएमसी पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मामले की जांच कर रहे थाना बिलावर प्रभारी जतिंदर सिंह ने बताया कि बीएसएफ जवान अनीस अहमद ने पिछले कल ही नई कार खरीदी थी। बनहोड़ के पास सड़क हादसे में चारों घायल हो गए। हादसे में घायल साफिया की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।