-दस्तावेज मंगाने के बहाने बुलाए साथी, दुर्व्यवहार भी किया, तीनों शराब के नशे में थे
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआनगरी। जिले के नगरी क्षेत्र में पड़ते गूंद में युवकों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। पुलिस ने तीन युवकों को काबू कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गूंद इलाके में हुई वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें युवकों द्वारा पहले पुलिस टीम से दुर्व्यवहार और फिर हाथापाई होती दिख रही है।
वहीं, जिला पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वाहनों की जांच के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पोस्ट नगरी के गूंद नाके पर पुलिस पार्टी के साथ हाथापाई की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक को रोका। इस पर तीन युवक सवार थे। उनसे बाइक के दस्तावेज दिखाने के लिए कहा गया। एक युवक ने कहा कि वह दस्तावेज लाने के लिए घर से किसी को बुलाएगा, लेकिन दस्तावेजों की बजाय उसने बमियाल क्षेत्र से 8-10 लोगों को बुला लिया। जो युवक आए वे नशे में थे। उन्होंने नाका पार्टी के साथ-साथ नाका प्रभारी के साथ भी हाथापाई की। दुर्व्यवहार भी किया। पुलिस ने तीन युवकों को काबू कर चिकित्सकीय जांच कराई। वे तीनों शराब के नशे में पाए गए। पकड़े युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 36 अलावा 186 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है। मोटरसाइकिल जब्त कर वाहन मालिक का सत्यापन किया जा रहा है।