कठुआ। शहर से सटे जराई के हायर सेकेंडरी स्कूल के कमरे के ताले तोड़कर चोरों ने सोमवार की रात टाइलों के डिब्बे और सीमेंट की बोरियां चोरी कर लीं। इस बाबत जराई स्कूल प्रधानाचार्य ने पुलिस को शिकायत दी है। ठेकेदार ने बताया कि उनका मिस्त्री सोमवार रात को काम खत्म करने के बाद दरवाजे पर ताला लगाकर गया था। सुबह उसने देखा तो ताला टूटा था और सामान चोरी हो चुका था। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। गांव की पूर्व सरपंच अराधना अंदौत्रा ने बताया कि हायर सेकेंडरी स्कूल में शौचालय निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है। रविवार को निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सामान पहुंचा था। सोमवार को कुछ सामान इस्तेमाल में लाया गया और सोमवार की रात ही चोरों ने स्कूल के कमरे के ताले तोड़कर काफी सामान चोरी कर लिया। उन्होंने बताया कि चोरों ने टाइलों के 93 डिब्बे और सीमेंट की 20 बोरियां चोरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि उनके इलाके में चोरी की वारदातों में इजाफा हुआ है। पूर्व सरपंच ने बताया कि चोरी की वारदातों के पीछे जितनी पुलिस जिम्मेदार है, उतना ही शिक्षा विभाग भी जिम्मेदार है। उन्हाेंने बताया कि स्कूल में कोई चौकीदार नहीं है। लाखों खर्च कर बनाई गई इमारतों व सामान की देखरेख के लिए कोई व्यक्ति नहीं है। दर्जा चार कर्मचारियों की चार पोस्ट हैं, जबकि, केवल एक आदमी तैनात किया गया है। जो स्कूल टाइम में पानी पिलाने से लेकर हर काम करता है। ऐसे में सरकारी संपत्ति की सुरक्षा राम भरोसे रहती है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि सरकारी संपतियों की रखवाली के लिए पर्याप्त स्टाफ भी तैनात किया जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग करते कहा कि चोरी के मामलों की गहनता से जांच कर आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे धकेला जाए।