कठुआ/लखनपुर। लखनपुर-बसोहली मार्ग पर बसंतपुर के पास स्थित पुल से एक छात्रा नीचे गिर गई। उसे वहां से गुजर रहे स्कूली छात्रों ने बचा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल छात्रा को जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया है।
शुक्रवार की सुबह स्कूल जाते समय उस समय हादसा पेश आया, जब छात्रा पुल से नीचे झुककर खड्ड में आए पानी के तेज बहाव को देख रही थी कि अचानक वह पुल से नीचे खड्ड में जा गिरी। करीब 40 फीट गहरी खड्ड में उसके गिरने के बाद वहां मौजूद विद्यार्थी मदद के लिए शोर मचाने लगे। इसी बीच वहां से गुजर रहे कक्षा 10 के विद्यार्थी लक्ष्य, हर्ष सिंह और 11वीं कक्षा के हिम्मत सिंह छात्रा को बचाने के लिए गहरी खड्ड में उतर गए। उन्होंने घायल छात्रा को कड़ी मशक्कत के बाद निकाल लिया। इस बीच छात्रा के गिरने की सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसने घायल छात्रा को जीएमसी कठुआ पहुंचाया है। छात्रा की पहचान 15 वर्षीय मन्नत पुत्री लाल बहादुर निवासी बसंतपुर के रूप में हुई है।
जीएमसी कठुआ में उपचाराधीन छात्रा के पिता लाल बहादुर ने बताया कि बेटी के साथ हुए हादसे की सूचना मिलने के बाद वह सीधा अस्पताल आ गए हैं। उसके फेफड़ों में पानी भरा होने के साथ रीढ़ की हड्डी में लगी चोट का उपचार चल रहा है। वह उनकी बेटी को बचाने वाले छात्रों से मिल नहीं पाएं है, लेकिन उन्होंने जो प्रयास किया है, वह सराहनीय है। इस घटना के संबंध में बसंतपुर पुलिस चौकी के प्रभारी रामकृष्ण ने बताया कि घायल छात्रा की स्थिति सामान्य न होने के कारण अभी बयान नहीं लिया गया है। उसकी हालत में सुधार होने पर पुलिस बयान लेकर ही अगली कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।