कठुआ। शहर के मध्य बहने वाली नहर में नहाते समय हुए एक 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे हुए इस घटना के बाद उसे जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर चोट को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे पंजाब के निजी अस्पताल में ले गए हैं। युवक की पहचान साहिल कुमार पुत्र जय कुमार निवासी जखबड़ के रूप में हुई है।
घटना के बारे में घायल युवक के भाई अंगद कुमार ने बताया कि वे रविवार अवकाश होने के कारण कठुआ के ड्रीमलैंड पार्क स्थित नहर में नहाने के लिए आए थे। इस दौरान उनके भाई ने नहर के पानी में छलांग लगाई तो वहां पानी कम होने के कारण वह नहर के तल से सीधा जा टकराया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। खून निकलता देख वह अपने भाई को जीएमसी कठुआ ले आए। यहां आने के बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी रीढ़ में गंभीर चोट लगने की बात बताई है।