कठुआ। जिले में अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें जीएमसी कठुआ में उपचार के लिए लाया गया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदवां मोड़ के पास हुई, जहां एक मोटरसाइकिल डिवाइडर से जा टकराई। इसके बाद वहां आसपास मौजूद लोगों ने मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को आनन-फानन में जीएमसी कठुआ पहुंचाया, जहां 23 वर्षीय सन्नी कुमार पुत्र अशोक कुमार को डॉक्टरों ने मृत लाया घोषित कर दिया, जबकि 24 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र राम मूर्ति का उपचार जारी है दोनों छन्न रोडियां से सटे गांव टंडोरी के रहने वाले हैं।
वहीं एक अन्य घटना घाटी क्षेत्र में हुई, जहां मोटरसाइकिल की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार 19 वर्षीय वीना अख्तर पत्नी सुरमूदीन निवासी घाटी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है। घायल के पिता हामिद अली ने बताया कि बुधवार की शाम को वह अपनी बेटी को लेकर कठुआ की ओर से अपने गांव वापस जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में आगे चल रहे ट्रैक्टर को जैसे ही उन्होंने ओवरटेक करने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर चालक ने उनकी दिशा में ही ट्रैक्टर को मोड़ दिया। इससे उनकी मोटरसाइकिल ट्रैक्टर से टकरा कर वहीं गिर गई। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार उनकी बेटी घायल हो गई। फिलहाल अब उसकी हालत में सुधार हो रहा है।