कठुआ। जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पहली घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली मोड़ के पास हुई, जहां एक ऑटो को लोड कैरियर ने टक्कर मार दी। इससे उसमें सवार 30 वर्षीय जोगिंदर सिंह निवासी जसरोटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। वहीं, दूसरा मामला कठुआ स्थित नहर के पास हुआ, जहां मोटरसाइकिल और राहगीर के बीच हुई टक्कर में मोटरसाइकिल सवार सहित राहगीर भी घायल हो गया। इनकी पहचान 25 वर्षीय शांतनु निवासी पटेल नगर और 28 वर्षीय संजीव कुमार निवासी नरोट जैमल सिंह पंजाब के रूप में हुई है। दोनों को जीएमसी कठुआ में भर्ती कराया गया है। वहीं एक तीसरा मामला चडवाल से सटे दइया चक में पेश आया है, जहां अज्ञात मोटरसाइकिल की टक्कर से 50 वर्षीय राहगीर हरबंस लाल निवासी परखवाल गंभीर रूप से घायल हो गया है।
एक अन्य मामले में शहर की कॉलेज रोड पर एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने वहां से गुजर रहे पशुपालन विभाग कर्मचारी को टक्कर मारने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे हुए इस हादसे के बाद लोगों ने उसे जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया है। घायल की पहचान 40 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र कमला निवासी मढून बिलावर के रूप में हुई है।