कठुआ। महानपुर के धार सिमती में घर से रोजी रोटी की तलाश में निकला एक 23 वर्षीय युवक अपने गांव से कुछ दूरी पर अचेत अवस्था में मिला है। सोमवार सुबह अचेत मिले युवक को महानपुर स्थित ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां उसकी गंभीर अवस्था को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया है। युवक की पहचान राहुल ठाकुर पुत्र काकू राम निवासी धार सिमती महानपुर के रूप में हुई है।
जीएमसी कठुआ में उपचाराधीन युवक के पिता काकू राम ने बताया कि उनका बेटा शनिवार को बंगलूरू जाने के लिए निकला था लेकिन कठुआ पहुंचकर उसने घर फोन किया कि उसे जिस ट्रेन से बंगलूरू जाना था, वह उसके स्टेशन पहुंचने से पहले ही निकल गई। इस पर घर के लोगों ने उसे वापस आने के लिए भी कहा तो उसने जवाब दिया कि कठुआ में उसकी जान पहचान का कोई व्यक्ति है, जिसके पास वह रुक रहा है। अगले दिन वह दोबारा आने वाली ट्रेन से बंगलूरू चला जाएगा। इसके बाद से उसका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। सोमवार को कुछ लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनका बेटा गांव से करीब पांच किलोमीटर खेत में अचेत पड़ा है। सुबह करीब पांच बजे मिली इस सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचे तो वहां उनका बेटा अचेत मिला। इसके बाद उसे महानपुर ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जीएमसी कठुआ भेज दिया है। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि उसे कोई जहरीला पदार्थ दिया गया है क्योंकि जहां से वह मिला है, वहां उसने काफी उल्टियां भी की थीं। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।