बिलावर। गरीबों के लिए सरकार की ओर से उपलब्ध करवाए जाने वाले सरकारी राशन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खास तौर पर किशनपुर गांव के सरकारी राशन डिपो पर गंदगी भरा राशन लोगों को उपलब्ध करवाया जा रहा है।
सोमवार को सरकारी राशन डिपो पर राशन लेने पहुंचे गिरधारी लाल, प्रेम चंद, पवन कुमार और अन्य लोगों ने बताया के जो चावल लोगों को उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, उनमें काफी गंदगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो चावल लोगों को उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, वे चावल की बोरियां चूहों का अड्डा बनकर रह गई हैं। लोगों ने कहा कि जिस प्रकार का सरकारी राशन उन्हें खाद्य आपूर्ति विभाग एवं वितरण विभाग की ओर से उपलब्ध करवाया जा रहा है, उस राशन को उपयोग में लाने से लोगों में कई प्रकार की बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। लोगों ने खाद्य आपूर्ति विभाग पर आरोप लगाया कि लोगों की सुविधा के लिए सरकार कई करोड़ रुपये की राशि खर्च करके सरकारी राशन उपलब्ध करवाती है लेकिन इसकी गुणवत्ता सही नहीं है। लोगों ने इस संदर्भ में जिला उपायुक्त कठुआ से संज्ञान लेने की मांग की है। इस संदर्भ मे टीएसओ बिलावर राममूर्ति में बताया के मामला संज्ञान में आया है।राशन डीलर को राशन का वितरण न करने की निर्देश दिए गए हैं। जल्द लोगों को साफ सुथरा राशन उपलब्ध करवाया जाएगा।