कठुआ। शहर में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां पॉलीथिन में नवजात शिशु का शव मिला है। शहर के राजकीय डिग्री कॉलेज परिसर में नवजात का शव मिलने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे जीएमसी कठुआ पहुंचाया। एएसआई चुन्नी लाल मेहरा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शिशु के शव को अपने कब्जे में लिया है ताकि जांच की जा सके। इस मामले में जो आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बुधवार दोपहर बाद प्रकाश में आए मामले के संबंध में डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने बताया कि कॉलेज के मुख्य गेट से उद्यान में उन्होंने सुबह से पॉलीथिन को एक किनारे पर पड़ा हुआ देखा था। उन्होंने किसी का रखा गया सोचकर उस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया लेकिन बाद दोपहर करीब तीन बजे जब उसे एक कुत्ता लेकर भागने लगा तो उसमें से बच्चे का शव गिरने के बाद वे लोग हरकत में आए और कुत्ते को वहां से भगाया। इसकी सूचना कॉलेज प्रशासन को दी गई। इसके बाद वहां कॉलेज के कुछ शिक्षक आए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
वहीं भाजयुमो के मयंक भगोत्रा ने इसे निदंनीय अपराध बताते हुए कहा कि इस मामले में कॉलेज की सुरक्षा में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए ताकि पता चल सके कि नवजात शिशु का शव कॉलेज में कैसे और किसने पहुंचाया। उसकी पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता मीर चंद ने भी घटना की निंदा करते हुए इसमें शामिल लोगों को कड़ी सजा देने की मांग की।