हीरानगर। सीमावर्ती गांव हरिपुर में बिना दस्तावेज के सरकारी राशन की गाड़ी को पुलिस द्वारा जब्त करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने टीएसओ, स्टोर कीपर सहित तीन लोगों पर मामला दर्ज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की पड़ताल होगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल वीरवार रात उक्त गांव में सरकारी राशन लेकर पहुंची एक गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। स्थानीय लोगों ने दुकान का ताला तोड़कर राशन ले जाने का आरोप लगाते हुए गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद भी पुलिस राशन से भरी गाड़ी को पुलिस चौकी ले गयी। दूसरे दिन लोगों ने उक्त गांव के मुख्य चौक के नजदीक धरना देकर राशन वापस करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने जांच पूरी हुए बिना राशन वापस देने से इनकार कर दिया। जबकि यहां आए खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना था कि पिछले 7 वर्षों से ढाई सौ से अधिक लोगों को यहीं पर राशन दिया जा रहा है। पुलिस ने चोरी का माल बरामद करने के अलावा कुछ धाराओं के तहत 3 लोगों पर मामला दर्ज कर दिया है। बॉर्डर डीएसपी सचित महाजन ने बताया कि टीएसओ, स्टोर कीपर सहित तीन लोगों पर मामला दर्ज कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि एफ आई आर नंबर 146 अंडर सेक्शन 409/411 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है।