कठुआ। कठुआ पुलिस ने एटीएम कार्ड से धोखाधड़ी कर पैसे हड़पने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 20 एटीएम कार्ड और 1,08,500 रुपये की नकदी भी मिली है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले चारो आरोपी पहले भी कई बार इस इलाके में धोखाधड़ी को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजबाग थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर मनजीत सिंह के नेतृत्व में हाईवे पर औचक निरीक्षण के लिए नाकेबंदी की थी। इस दौरान एक मारुति ब्रेजा कार (यूके17एच-3050) को रोक कर उसकी तलाशी ली। तलाशी में चारों कार सवार आरोपियों से 20 एटीएम कार्ड और 1,08,500 रुपये बरामद हुए।
हर चार माह बाद आते थे इलाके में
पुलिस ने इस संबंध में जब सख्ती से पूछताछ की तो चारो ने कबूर किया कि वह एटीएम में पैसे निकलवाने के लिए आने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाते थे। चारों आरोपी हर तीन-चार माह के बाद क्षेत्र में धोखाधड़ी करने के लिए आते थे।
सभी आरोपियों की शिनाख्त
आरोपियों की पहचान पंकज कुमार निवासी गांव पिंजोरा (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश), सोनू कुमार निवासी लक्ष्मणपुर (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश), जगमोहन निवासी निवासी आनंद विहार (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) व दीपक शर्मा निवासी आईटीआई कॉलोनी दिल्ली रोड (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।