बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान में जारी बिलावर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए मैच में डायमंड क्रिकेट क्लब बिलावर की टीम ने इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब फिंतर की टीम को 19 रनों से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया। डायमंड स्टार की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवर के मैच में बिलावर की टीम ने आठ विकेट गंवाकर 141 रन बनाए। बिलावर के बल्लेबाज मिथिलेश गौर ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 52 रन की अर्धशतकीय पारी ऊपरी खेली। वहीं योगेश ने 37 रन बनाए। फिंतर के गेंदबाज मनीष कालोतरा ने तीन, अरबाज ने दो, गुलशन ने दो और रघु ने एक विकेट हासिल किया। 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेवन स्टार फिंतर की टीम के बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन दसवें ओवर के बाद टीम ने विकेट गंवाना शुरू कर दिए। फिंतर के बल्लेबाजों ने लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरा प्रयास किया लेकिन 20वें ओवर में फिंतर की टीम 122 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। बिलावर की टीम ने 19 रनों से मैच जीतकर प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बना ली। बिलावर के खिलाड़ी अभय सिंह ने तीन विकेट लिए और 12 रन बनाए। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। अभियोजकों ने बताया कि बिलावर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता वीरवार को भी जारी रहेगी।