कठुआ। शहर के वार्ड 14 स्थित मंदिर में संत गोरा जी महाराज का जन्मोत्सव मनाया गया। प्रजापति सभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिरादरी के सदस्यों के अलावा अन्य गण्यमान्य लोगों ने हिस्सा लेकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंगलवार की सुबह पहले संत गोरा जी के मंदिर में पूजा-अर्चना की गई और झंडे की रस्म निभाई गई। इसके बाद हवन का आयोजन किया गया। इसके बाद सभा के प्रधान बिशनदास प्रजापति की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि संत गोरा जी महाराज ने समाज को देश सेवा के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर बिशन दास प्रजापति ने बिरादरी के सदस्यों को अपनी आने वाली पीढ़ी के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए शिक्षा पर विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। उन्होंने युवाओं को नशे से बचने और दहेज प्रथा को समाज से हटाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें बिरादरी की एकता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मंदिर में पानी की समस्या है। इसके लिए एक बोरवेल करवाया जाए। बिशन दास प्रजापति ने ओबीसी आरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज को नौकरी में आरक्षण दिया जाए। इस मौके पर जम्मू कश्मीर ओबीसी बिरादरी के प्रधान सुनील प्रजापति ने जम्मू कश्मीर में अब तक सरकारों की ओर से ओबीसी बिरादरी के साथ अपनाई जा रही नीतियों को इस वर्ग के उत्थान में रोड़ा बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर के ओबीसी समाज को देश के अन्य राज्यों की तरह आरक्षण का लाभ दिया है। इसमें शामिल प्रजापति समाज को भी इस आरक्षण का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में अपने प्रदर्शन से बिरादरी का गौरव बढ़ाने वाले विद्यार्थियों को सभा की ओर से स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर दिलीप कुमार प्रजापति, विनोद कुमार, राजकुमार, गणेश, हरबंस लाल, रत्नचंद, सोम नाथ, संतोख राज व अन्य उपस्थित रहे।