कठुआ। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से क्रिकेट मुकाबले जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी रहे। बुधवार को अंडर-19 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। फाइनल मुकाबले में बिलावर की टीम ने सुपर ओवर में जीत दर्ज की।
कुल 45 खिलाड़ियों ने मुकाबलों में भाग लिया। बुधवार का पहला सेमीफाइनल मैच भड्डू और बसोहली की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए बसोहली ने दस ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 79 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भड्डू की टीम ने 9.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर पांच विकेट से जीत दर्ज की। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बिलावर और महानपुर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें टॉस बिलावर ने जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिलवार ने 7 विकेट के नुकसान पर 10 ओवर में 62 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए महानपुर की टीम 10 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 53 रन ही बना पाई। बिलवार की टीम ने मुकाबला नौ रन से अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबला भड्डू और बिलावर की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबला टाई होने के बाद मैच का परिणाम सुपर ओवर के जरिए तय हुआ। भड्डू की टीम ने सुपरओवर में दो विकेट खोकर चार रन बनाए। इसके जवाब में बिलावर की टीम तीन गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर विजेता बनी।