बनी-भद्रवाह मार्ग पर खुले में लगा ट्रांसफार्मर जहां करंट लगने से गास की मौत हो गई। संवाद
बनी। बनी-भद्रवाह सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में एक गाय की करंट लगने से मौत हो गई। लोगों का कहना है कि हादसा सड़क किनारे लगे एक खुले और असुरक्षित ट्रांसफार्मर के कारण हुआ जिसमें सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं थी।
गाय के मालिक संजय कुमार ने बताया कि वह अपनी गाय को दरिया पर पानी पिलाने के लिए लेकर जा रहा था तभी अचानक करंट लगने से गाय की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह इलाका बेहद संवेदनशील है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है क्योंकि ट्रांसफार्मर मुख्य मार्ग पर बिना किसी सुरक्षा उपाय के लगा हुआ है। स्थानीय निवासी राधेश्याम ने कहा कि सिर्फ यही जगह नहीं बल्कि जेके बैंक के पास लगे ट्रांसफार्मर की स्थिति भी इसी तरह की है। कहीं भी कोई सुरक्षा कवर नहीं लगाया गया है। यह विभागीय लापरवाही है जो कभी भी किसी की जान पर भारी पड़ सकती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग ऐसे असुरक्षित ट्रांसफार्मरों की तत्काल जांच कर उनकी उचित सुरक्षा व्यवस्था करे ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।