संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला सत्र न्यायाधीश ने एनडीपीएस के एक मामले में आरोपी व्यक्ति से जब्त आईफोन की फोरेंसिक जांच के लिए केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में फोन भेजने का आदेश दिया है।
एनडीपीएस मामले मेंं आरोपी आसिफ इश्तियाक पुत्र इश्तियाक अहमद निवासी टोंकीपोरा श्रीनगर से 31 अगस्त 2024 को लखनपुर में कोडीन आधारित खांसी की दवा की 25 बोतलें (2.5 किलोग्राम) और 5760 स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बरामद किए गए थे। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो जम्मू ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। उससे आईफोन भी जब्त किया गया था। इसकी फोरेंसिक जांच के लिए नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो ने अदालत में अर्जी दायर की थी।
इसकी सुनवाई करते हुए 3 दिसंबर 2024 को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण पंडोह ने आईफोन की फोरेंसिक जांच करने के आदेश जारी किए हैं। नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो जम्मू ने दो अन्य आरोपियों सलीम खान पुत्र शहजाद खान निवासी टी-175 गली नंबर 4, गौतमपुरी, जाफराबाद, शाहदरा उत्तर पूर्व, जाफराबाद उत्तर पूर्वी दिल्ली को 27 अक्तूबर 2024 और जिसान हिलाल जरगर पुत्र हिलाल अहमद जरगर को शहीद गंज श्रीनगर से 5 नवंबर 2024 को गिरफ्तार किया गया था।