कठुआ। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 16 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही पूर्व में संक्रमित पाए गए 12 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा साझा की जानकारी के अनुसार संक्रमित पाए गए 16 नए मामलों के बाद अब तक जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 2643 हो गई है। इनमें से 2530 लोग कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं। वर्तमान समय में जिले में कोरोना के 79 सक्रिय संक्रमित हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। बता दें कि जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के कारण 31 लोगों की जान जा चुकी है।
बिलावर के उच्चा पिंड में महिला पाई गई कोरोना संक्रमित
बिलावर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपजिले के प्राथमिक उपचार केंद्रों में लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। बुधवार को उपजिले के तीन प्राथमिक उपचार केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 36 लोगों की करोना जांच की, जिसमें एक महिला को संक्रमित पाया गया है। प्राथमिक उपचार केंद्र कोहग में 17 लोगों की कोरोना जांच की गई। वहीं, रामकोट प्राथमिक उपचार केंद्र में 16 लोगों की जांच हुई और उच्चा पिंड प्राथमिक उपचार केंद्र में तीन लोगों की सैंपलिंग की गई। इसमें उच्चा पिंड गांव की एक महिला को कोरोना संक्रमित पाया गया है। संक्रमित पाए जाने के बाद महिला को नियम अनुसार होम आइसोलेशन पर भेज दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार उपजिले में वर्तमान में कोरोना संक्रमण के छह सक्रिय मामले हैं।