शनिवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 120 नए मामले सामने आए हैं। जिनमें से 112 सामुदायिक संक्रमण के मामले हैं। हालात बद से बद्तर होते जा रहे हैं। जीएमसी कठुआ में आईसीयू जहां फुल हो चुका है, वहीं कोविड डेडीकेटिड कुल बेड की क्षमता को 35 से बढ़ाकर 46 कर दिया गया है।
शनिवार को हालात ऐसे थे कि जीएमसी कठुआ में 46 में से 39 बेड पर मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। इनमें से 25 आक्सीजन सपोर्ट पर हैं। वहीं आईसीयू में भर्ती तीन मरीज वेंटीलेटर पर हैं। पूर्व में संक्रमित 35 लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। प्रशासनिक आइसोलेशन की 480 की उपलब्ध क्षमता में से 150 लोगों को रखा गया है। उधर, कोरोना संक्रमण के बाद स्वास्थ्य बिगड़ने से दो और लोगों की मौत जिले में हो गई है। जिन्हें उपचार के लिए जीएमसी कठुआ में भर्ती किया गया था।