जिला में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए पुलिस ने दूसरे दिन भी सख्ती जारी रखी। सुबह से खुले बाजार में तैनात पुलिस कर्मियों के साथ अन्य सुरक्षा बलों के जवानों ने कड़ा पहरा देते हुए किसी को भी अनावश्यक रूप से वहां खड़े नहीं होने दिया। वहीं शहर में जगह-जगह लगे नाकों पर दिन भर कड़ी सख्ती देखने को मिली।
बुधवार की सुबह आम दिनों की तरह बाजार खुले तो काफी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए बाजार में पहुंचे हुए थे। इस दौरान आधा दर्जन पुलिस के जवानों ने बाजार में आकर जहां तहां खड़े होने वालों को गत दिवस की तरह ही खदेड़ना शुरू कर दिया। जिसका पहले तो कुछ दुकानदारों ने विरोध करने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस के कड़े रुख को देखते हुए उन्होंने चुप रहने में अपनी भलाई समझी।
वहीं बाजार में पहुंचे पुलिस कर्मियों ने प्रशासन के निर्देश को अनदेखा कर खुली दुकानों को यह कह कर भी बंद करवा दिया कि प्रशासन के निर्देश के अनुसार केवल किराना, फल-सब्जी, दूध की दुकानों को खोलने की इजाजत है। इसके अलावा अगर किसी ने भी दुकानों को खोलने की गुस्ताखी की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, 10 बजने के बाद पुलिस ने शहर के पुराने गर्ल्स हाई सेकेंडरी चौक, मुखर्जी चौक, शहीदी चौक, डीसी ऑफिस के पास, कालीबाड़ी चौक, हटली मोड़, जराई चौक आदि स्थानों पर लगाए गए नाकों पर पुलिस का पहरा कड़ा हो गया। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों से कड़ी पूछताछ की गई। इसके कारण बिना किसी वजह के शहर में तफरीह के लिए निकलने वालों ने अपने घरों को वापस लौटाना ही बेहतर समझा।