कठुआ। गत दिवस शहर के पुराने बस अड्डे पर नगर परिषद के अधिकारियों और स्थानीय दुकानदारों के बीच हुई बहस के बाद हुए विवाद का समाधान हो गया है।
बुधवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचे दुकानदारों ने नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा को परिषद की ओर से वहां कराए जाने वाले हर तरह के विकास कार्य में सहयोग करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने अपील की कि विकास कार्य के बाद उनके रोजगार का ध्यान रखें। कार्यालय पहुंचे दुकानदारों में शामिल योगराज शर्मा ने कहा कि नगर परिषद की विकास योजना को समझने में उन्हें कुछ गलतफहमी हो गई थी, जिसके कारण ही उन्होंने अपना आपा खो दिया। इसके लिए वह क्षमा प्रार्थी हैं। और, उम्मीद करते हैं कि परिषद उनकी समस्या को समझते हुए जो भी फैसला लेगा, वह उनकी बेहतरी के लिए ही होगा।
वहीं, नरेश शर्मा ने कहा कि परिषद का काम शहर में विकास के साथ लोगों के लिए बेहतर सुविधाओं को बढ़ाना है। इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर के पुराने बस अड्डे पर आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही थी। लेकिन, वहां कुछ ऐसे दुकानदारों ने परिषद के अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, जो खुद कई तरह के कानूनों का उल्लंघन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में कानूनी कार्रवाई करने का मन भी बनाया था, लेकिन अब वह खुद जब अपनी गलती मान रहे हैं, तो उन्होंने अपना फैसला बदल लिया है। नए कॉम्प्लेक्स का निर्माण हो जाने से इन दुकानदारों को बेहतर दुकानें मिलेंगी। साथ ही, कुछ नए लोगों को भी अपना रोजगार करने के लिए स्थान मिल पाएगा। इससे न केवल शहर के पारजीवंड क्षेत्र का विकास होगा, परिषद की आय का भी अतिरिक्त साधन बनेगा।