संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। दीपावली से पहले लखनपुर कॉरिडोर रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया हुआ नजर आया। देश के विभिन्न कोनों से जम्मू-कश्मीर में रावी पुल से दाखिल होने वाले पर्यटकों और यात्रियों को यहां खूबसूरत नजारा देखने को मिल रहा है।
महाराजा गुलाब सिंह प्रतिमा स्मारक के पास सेल्फी प्वाइंट और जम्मू-कश्मीर में स्वागत के लिए सेल्फी प्वाइंट के अलावा अब कॉरिडोर की दीवारें भी रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रही हैं। एक्सपोर्ट फ्लाईओवर की दीवारों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। फिलहाल कॉरिडोर में एक फव्वारा भी तैयार किया गया जिससे यह क्षेत्र एक बेहतरीन पर्यटन व्यू प्वाइंट के रूप में भी विकसित होता नजर आ रहा है।
मंगलवार शाम को कुल लगभग दस लाख की इन परियोजनाओं का डीसी कठुआ और विधायक कठुआ डाॅ भारत भूषण ने लोकार्पण किया। इस मौके पर जिला विकास परिषद के उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू भी मौजूद रहे। नगर कमेटी के कार्यकारी अधिकारी पृथ्वी राज सांगड़ा ने बताया कि यह लखनपुर की खूबसूरती को चार चांद लगाएगा। इससे देश भर से आने वाले पर्यटकों को जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार की नई झलक देखने को मिलेगी।
शहर के चौक चौराहे और स्मारक भी जगमगाए
नगर परिषद कठुआ ने शहर के सभी चौक चौराहों और स्मारकों को भी दीपावली के अवसर पर रोशन कर दिया है। शहर के बाजार में रौनक के बीच चौराहों पर जगमगाती जगनमालाओं ने शहर को एक खूबसूरत रूप दिया है। पूरा शहर दीपोत्सव में रंगा नजर आ रहा है।