हीरानगर। गिरधारी लाल डोगरा मेमोरियल कॉलेज में सीमित सीटों के बाद लिए दाखिले पर ली गई लेट फीस विद्यार्थियों को वापस की जाएगी। इसकी जानकारी हीरानगर डीडीसी सदस्य अभिनंदन शर्मा ने शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि पहले दाखिला न मिलने के कारण विद्यार्थियों को बहुत परेशान होना पड़ा। उन्होंने विरोध प्रदर्शन भी किए। जिसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के सामने परेशानी को रखा गया। नतीजतन अब विद्यार्थियों का दाखिला शुरू हो गया। उच्च शिक्षा विभाग के फैसले की वजह से हुई देरी से विद्यार्थियों का दाखिला हुआ। इस पर उनसे करीब तीन हजार रुपये लेट फीस भी ली गई है।
अभिनंदन ने कहा कि जब यह मामला संज्ञान में आया तो वीरवार को जम्मू विवि के उप कुलपति से बातचीत की गई। इस पर उप कुलपति ने विद्यार्थियों के हक में फैसला लेते हुए लेट फीस वापस करने का आदेश जारी कर दिया। अब 15 सितंबर तक दाखिले के लिए कोई लेट फीस नहीं ली जाएगी।