संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में पिछले सात दिन से जारी एनएसएस विशेष शीतकालीन शिविर संपन्न हो गया। कॉलेज के सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें तानिया राजपूत को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुना गया। वहीं, एनएसएस स्वयंसेवियों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समा बांध दिया।
शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने समूह नृत्य, एकल प्रदर्शन, गायन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर तानिया राजपूत को उनके समर्पण और उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी घोषित करते हुए पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जबकि अन्य प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रितु कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर का आयोजन प्रोफेसर सीमा जोली के संरक्षण में किया गया है। जिसमें स्वयंसेवी लक्ष्मी ने कार्यक्रम के सूत्रधार की भूमिका अदा की।