हीरानगर मोड़ पर स्थित शराब की दुकान पर कर्मचारी द्वारा एक ग्राहक से निर्धारित दर से अधिक कीमत मांगने और इसे लेकर मारपीट की घटना से नाराज स्थानीय व्यापारियों ने बुधवार की सुबह जमकर हंगामा किया। विरोध में करीब 45 मिनट तक हीरानगर मोड़ बाजार बंद रखा। शराब की दुकान के मालिक के माफी मांगने के बाद मामला शांत हुआ।
मंगलवार को देर शाम गुड़ा मुंडियां का एक व्यक्ति शराब खरीदने दुकान पर गया था। आरोप है कि ठेके के कर्मचारी ने पहले उससे निधारित दर से ज्यादा पैसे लिए और उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की।
इस घटना से गुस्साए व्यापारियों ने व्यापार मंडल प्रधान अरुण कुमार के नेतृत्व में बाजार को पूरी तरह बंद कर दिया और ठेके के सामने जोरदार हंगामा शुरू किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाने में कर्मचारी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। सूचना मिलते ही दुकान का मालिक भी थाने पहुंचा और व्यापारियों व पीड़ित व्यक्ति से माफी मांगी। उसने आश्वासन दिया कि कर्मचारी को तुरंत इस दुकान से हटा दिया जाएगा। दुकान मालिक के माफी मांगने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने हंगामा खत्म किया और बाजार फिर से खोल दिया।