अविश्वास प्रस्ताव पर रोक लगने के बाद नगर परिषद के अध्यक्ष नरेश शर्मा एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को उन्होंने पारलीवंड में बंद पड़े नालों की सफाई करवाई। इसके अलावा वार्ड 6,7 और 10 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही कर्मचारियों को अपनी सेवाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
मंगलवार की सुबह से ही नगर परिषद अध्यक्ष ने शहर के पारलीवंड क्षेत्र में दर्जनों कर्मचारियों के साथ पहुंच कर नालों की सफाई का काम शुरू करवाया। इसके बाद उन्होंने शहर के वार्ड 6,7 और 19 का दौरा कर वहां सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
नगर परिषद के अध्यक्ष ने वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारियों को अपनी सेवाएं लोगों के अनुरूप बनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी तरह की समस्या आती है, तो वह उनके संज्ञान में लाया जाए, ताकि समाधान किया जा सके।
नरेश शर्मा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि मंगलवार को वह नगर परिषद के प्रधान पद पर बने रहने के कारण सक्रिय हुए हैं। अपने 35 साल के राजनीतिक जीवन के दौरान लगातार लोगों के लिए काम करने का प्रयास किया है। नगर परिषद के अध्यक्ष के पद पर आने के बाद उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है, जिसे वह निभाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।