कठुआ। पिछले तीन माह से पेयजल संकट से जूझ रहे कंडी क्षेत्र के मरोली गांव के लोगों ने जल शक्ति विभाग और प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। मंगलवार को ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से उनकी समस्याओं का समाधान किए जाने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय जनता दल के नेता एसके भंडारी व मनोहर लाल डोगरा ने कहा कि उनके गांव में पिछले तीन महीनों से पानी की आपूर्ति नहीं हुई है। जब भी इस बारे में विभाग के कर्मचारियों से बात की जाती है, तो वह कभी ट्यूबवेल खराब तो कभी लाइन में खराबी, कभी बिजली खराब तो कभी हड़ताल का बहाना लेकर बैठ जाते हैं। इसके चलते लोगों को पानी की एक-एक बूंद पानी के लिए तरसना पड़ता है। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि गांव में रहने वाली ज्यादातर आबादी काफी गरीब है, जिनके पास पानी स्टोर करने के लिए भी पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। जो लोग सुविधा संपन्न हैं, उन्होंने अपने घरों में भूमिगत पानी की टंकी बनाई हुई है। जिसे वह टैंकर से पानी लाकर कई दिनों का पानी स्टोर कर लेते हैं। लेकिन गरीब लोगों को रोज पानी की जरूरत होती है, लेकिन विभाग द्वारा पानी की आपूर्ति ना किए जाने से परेशान हैं। वहीं, गांव में कई घर ऐसे स्थानों पर हैं, जहां पर पानी का टैंकर भी नहीं जा सकता। ऐसे में लोग पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए परेशान रहते हैं। सरकार ने लोगों को बेहतर सुविधा देने के नाम पर पीएचई विभाग का नाम बदलकर जल शक्ति विभाग कर दिया है, लेकिन उसकी हालत पहले से भी बदतर है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो दिनों के भीतर उनके गांव में पानी की आपूर्ति नहीं हुई, तो वह लोग इसके खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करने को मजबूर हो जाएंगे।