शहर के रिहायशी और व्यस्त इलाकों में प्रतिबंध के बावजूद पटाखों की बिक्री का बाजार गर्म है। मंगलवार को भी दीपावली के मद्देनजर शहर के मुख्य बाजार और विभिन्न छोटी बड़ी दुकानों में पटाखों की बिक्री जोरों पर होती रही।
इस पर रोक को लेकर हालांकि जिला विकास आयुक्त द्वारा पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए हैं पर खुलेआम बिक रहे पटाखे इन आदेशों को भी ठेंगा दिखाते नजर आ रहे हैं।
इसी बीच शहर के बीच कई जगहों पर स्टाल लगाकर पटाखे बेचने वालों को भी प्रशासन की किसी तरह की कार्रवाई का कोई खौफ नहीं है।
इस संबंध में क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जन सुरक्षा की किसी को परवाह नहीं है। नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। प्रशासन की किसी सक्रियता को सिरे से नकारते हुए लोगों ने कहा कि इसकी किसी को परवाह नहीं है।
उल्लेखनीय है कि जिला विकास आयुक्त ने आदेश जारी कर रिहायशी और व्यस्त इलाकों में पटाखों की बिक्री को लेकर रोक लगाने और उल्लंघन होने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे।
इसके साथ ही कहा गया था कि पटाखों के स्टाल रामलीला मैदान में ही लगेंगे लेकिन आदेश के बावजूद भी पटाखे खुले में बिक रहे हैं और प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।