कठुआ/लखनपुर। कोरोना महामारी के बीच रेड जोन लखनपुर में एक बार फिर कई जोड़ियों का मिलन शुरू हो गया है। सोमवार को रेड जोन लखनपुर में कठुआ की एक बिटिया की चुनरी रस्म पूरी हुई। स्थानीय प्रशासन और खास तौर पर लखनपुर पुलिस ने सादे ढंग से दो परिवारों के इस महत्वपूर्ण समारोह को आयोजित करने में सहयोग दिया।
सोमवार को हिमाचल के चंबा जिला के चुआड़ी गांव से ससुराल पक्ष के लोग जम्मू-कश्मीर बॉर्डर पर लखनपुर पहुंचे। दुल्हन बनने जा रही शमा को वे चुनरी ओढ़ाने की रस्म पूरी करने पहुंचे थे। मन में डर यह भी था कि लखनपुर बॉर्डर की पाबंदियों के बीच कोरोना जांच करवानी होगी या फिर उन्हें प्रदेश में आने की अनुमति मिलेगी भी या नहीं। लेकिन खुशी के साथ आए हिमाचल के लोगों के लिए लखनपुर थाना प्रभारी सुमित शर्मा ने बाकायदा कॉरिडोर में कमरे का इंतजाम करवाया और मिलकर इन रस्मों को पूरा करने में उनकी मदद भी की।
साफ है कि कोरोना महामारी के बीच लखनपुर कॉरिडोर भले ही रेड जोन बन जाए लेकिन एक बार फिर शादियों के सीजन में यह कॉरिडोर कई जोड़ियों के लिए ताउम्र न भूलने वाली याद बनने जा रहा है। बीते साल भी दर्जनों लोगों की शादियां जहां इस कॉरिडोर में ही स्थापित मंडपों में हुई थीं वहीं इसमें प्रशासन की ओर से सहयोग भी किया गया था।
दुल्हन ने पुलिस और प्रशासन का जताया आभार
दुल्हन बनने जा रही शमा ने कठुआ डीसी राहुल यादव और खास तौर पर थाना प्रभारी लखनपुर सुमित शर्मा का आभार जताया है। खुशी व्यक्त करते हुए शमा ने कहा कि लखनपुर पुलिस ने उनका काफी सहयोग किया है और थाना प्रभारी ने भाइयों की तरह उनकी चुनरी की रस्म को पूरा करवाने में मदद की। यह जिंदगी भर न भूलने वाला पल है। दुल्हन के पिता विजय शर्मा ने बताया कि कोरोना महामारी के बीच शादी में चुनरी की यह रस्म दोनों परिवारों के बीच होती है। शायद वो घर पर भी इस तरीके से रस्मों को पूरा न करवा पाते, जिस तरह से लखनपुर में स्थानीय पुलिस और प्रशासन की मदद से संभव हुआ है। दूल्हे के चंबा, चुआड़ी से आए भाई सुनील ने कहा कि वे लोग चुनरी की रस्म के लिए जब लखनपुर पहुंचे, लखनपुर कॉरिडोर पर रोक दिया गया। बताया गया कि कोरोना जांच करवानी होगी और वहां जांच के लिए लंबी कतारें लगी थीं। चुनरी की रस्म का मुहूर्त भी निकला जा रहा था। ऐसे में पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने खुद आगे आकर उनका सहयोग किया, जिसके लिए वे आभारी हैं।