मैच के दौरान दोनों टीम के खिलाड़ी। संवाद
- भड्डू प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता : 71 रनों की शानदार पारी खेलने वाले बल्लेबाज करण बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। भड्डू गांव के खेल मैदान में भड्डू प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता जारी है। शनिवार को खेले गए मुकाबले में चंदवा की टीम ने बसोहली की टीम को 96 रन से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
बसोहली की टीम ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का निर्णय लिया और चंदवा की टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। निर्धारित 20 ओवर के मैच में चंदवा के बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और पांच विकेट गंवाकर 200 रन बनाए। चंदवा के बल्लेबाज करण ने 41 गेंद का सामना करते हुए 71 रन बनाए। वहीं बल्लेबाज सतनाम ने 18 गेंद पर 45 रनों का योगदान दिया। बसोहली के गेंदबाज नितिन ने एक और शब्बीर ने एक विकेट लिया।
201 रनों का पीछा करने मैदान में उतरी बसोहली की टीम के बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन नहीं कर सके और 17वें ओवर में टीम 106 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बसोहली के बल्लेबाज विश्वनाथ ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। वहीं बल्लेबाज आदिल में 16 रनों का योगदान दिया। चंदवा के गेंदबाज रोहित ने तीन और संजू जसरोटिया ने एक विकेट लिया। चंदवा के बल्लेबाज करण ने मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 71 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली जिसकी बदौलत उन्हें मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।