संवाद न्यूज एजेंसी
लखनपुर। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग लखनपुर के पास स्थित निजी फैक्टरी के बाहर खड़े ट्रक चालकों पर आरटीओ ने चालान किए। आरटीओ केवल कृष्ण के आदेशानुसार एआरटीओ शम्मी कुमार व उनकी टीम ने कार्रवाई की।
आरटीओ केवल कृष्ण ने बताया कि उन्हें शिकायतें मिल रही थी कि निजी फैक्टरी के बाहर वाहन खड़े रहते हैं, जो हादसों का कारण बन रहे हैं। आवागमन में भी परेशानी आ रही थी। चालान करने के साथ ट्रकों को फैक्ट्री के दायरे में खड़े करने की चेतावनी दी है। आरटीओ के अनुसार, उनकी टीम दो दिन से सड़कों पर नाका लगाए हैं। अब तक टीम ने नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों से साढ़े चार लाख से ज्यादा का राजस्व एकत्रित किया है।
उधर, निजी फैक्टरी के बाहर खड़े ट्रक चालकों ने फैक्टरी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही फैक्ट्री प्रशासन से जगह देने की मांग की है, ताकि वे वाहन पार्किंग में लगा सकें। श्रीनगर से आए ट्रक चालक ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन परिसर के अंदर गाड़ी नहीं जाने देता है। मजबूरन गाड़ी सड़क पर खड़ी करनी पड़ती है। एक समय में फैक्ट्री के अंदर सिर्फ चार से पांच गाड़ियां ही भेजी जाती हैं। आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े रखना पड़ता है।