मां चंडी स्पोर्ट्स क्लब चला की ओर से करवाया सात दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। मां चंडी स्पोर्ट्स क्लब चला की ओर से सात दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज करवाया गया। इस टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व सरपंच अनिता कुमारी की ओर से किया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्य और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट के पहले दिन पहला मुकाबला केसीसी खाडी टीम और चला टीम के बीच खेला गया। चला की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 10 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 91 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए केसीसी खाड़ी की टीम 9 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। चला टीम की ओर से अनिल कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 34 रन की शानदार पारी खेली और 3 महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाए। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस अवसर पर क्लब के सदस्य सुरजीत कुमार ने कहा कि यह टूर्नामेंट चला जैसे सुंदर पर्यटक स्थल पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य यहां के पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार न केवल जिले भर से बल्कि अन्य राज्यों से भी टीमें भाग लेंगी। पिछले टूर्नामेंट में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिससे स्थानीय पर्यटन को काफी बढ़ावा मिला था। इस बार भी क्लब का उद्देश्य इसी दिशा में है कि खेल के माध्यम से चला को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाई जा सके। इस बार भी इस टूर्नामेंट में 32 टीम में भाग ले रही हैं।