हीरानगर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर शनिवार रात को भी पाकिस्तान की 25 चिनाब रेंजर्स ने 10 बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक करीब साढ़े सात घंटे रुक-रुक कर गोलाबारी की। यह गोलाबारी जम्मू संभाग के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में की गई। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने बिक्के चक पोस्ट से बीएसएफ की मनियारी और सतपाल पोस्ट को निशाना बनाते हुए मोर्टार दागे। ज्यादातर गोले धान की फसल से भरे खेतों में गिरे, जिससे फसल को भी नुकसान हुआ है। पाकिस्तानी सेना की नापाक हरकत का बीएसएफ जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि गोलाबारी में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।