रामकोट। रामकोट पुलिस ने रविवार को बसंतर पुल पर नाका चेकिंग के दौरान मवेशी तस्करी के बड़े प्रयास को नाकाम किया। रामकोट से उधमपुर की ओर जा रहे एक डंपर को संदेह के आधार पर बसंतर पुल क्षेत्र में रोका गया। डंपर में बेरहमी से रस्सियों से बंधे 9 गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने सभी पशुओं को तुरंत मुक्त कराया गया।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक से पूछताछ जारी है। पुलिस थाना बिलावर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अमुआला के पूर्व सरपंच मनोहर लाल गुप्ता ने बताया कि इस रूट को मवेशी तस्कर अक्सर इस्तेमाल करते हैं। रामकोट पुलिस चौकी इंचार्ज राहुल पराशर ने कहा कि जिले में मवेशी तस्करी रोकने के लिए नाका चेकिंग तेज कर दी गई है। गर्मी में पशुओं को इस तरह ठूंसकर ले जाना पशु क्रूरता अधिनियम का उल्लंघन है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया कि पशु तस्करों के चंगुल से छुड़ाए गए सभी पशुओं को कीड़ियां गांडियाल स्थित गोशाला में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि तस्करी में शामिल डंपर चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया है। इसकी तलाश जारी है।