बिलावर में दिव्यांगजनों को सहायक सामग्री वितरण के दौरान मौजूद एडीसी विनय खोसला।
बिलावर। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से समाज कल्याण विभाग ने वीरवार को विभागीय कार्यालय में शिविर लगाया, जिसमें पहले से पंजीकृत 80 दिव्यांगों को सहायक उपकरण बांटे गए।
तहसील सामाजिक कल्याण अधिकारी विश्व बंधु शर्मा ने बताया कि दो माह पूर्व आयोजित एक शिविर के दौरान इन लाभार्थियों की पहचान और मूल्यांकन किया गया था। उस आयोजन के इस अनुवर्ती शिविर में दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, चलने की छड़ी, क्लिपर्स और अन्य आवश्यक उपकरण एलिम्को के सहयोग से बांटे गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) विनय खोसला ने सरकार की समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को रेखांकित कर सामाजिक कल्याण विभाग के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे ऐसे कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता फैलाएं ताकि इस लाभ से वंचित पात्र व्यक्ति भविष्य के शिविरों में शामिल हो सकें। ऐसे जनहितकारी कार्यों के लिए उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से भी पूर्ण सहायता का आश्वासन दिया।
समाज कल्याण विभाग के तहसील अधिकारी शर्मा ने विभाग की ओर से बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य कमजोर वर्गों के लिए चलाई जा रहीं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि सभी पात्र लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाई जा सके। इस मौके पर देशराज गुप्ता आदि मौजूद रहे।