कठुआ। प्रदेश में दाखिल होने वाले भक्तों के लिए तत्काल पंजीकरण की सुविधा इस बार भी जम्मू में ही उपलब्ध रहेगी। लखनपुर में पहुंच रहे बाहरी राज्यों के यात्रियों ने यहां तत्काल पंजीकरण नहीं होने पर मलाल है। इससे श्रद्धालु कुछ निराश भी दिखे। लखनपुर में यात्रियों को केवल यात्रा मार्ग पर ट्रैकिंग के लिए रेडियो फ्रिक्वेंसी आइटेंटिटी (आरएफआईडी) पहचान पत्र जारी किए जा रहे हैं। यात्रा को सुरक्षित बनाने और भक्तों पर निगरानी रखने के लिए प्रदेश प्रशासन ने इस बार यह व्यवस्था की है। उधर, श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के प्रयास में प्रदेश में पर्यटन विभाग ने इस बार एलईडी और होर्डिंग भी लगाए हैं।
दिल्ली से आए भक्तों में शामिल रंजीत कुमार, सौरभ सिंह, यशपाल, सुमित नागपाल ने लखनपुर में तत्काल पंजीकरण की सुविधा नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था लखनपुर में शुरू की जानी चाहिए। डीसी कठुआ डॉ राकेश मिन्हास ने बताया कि लखनपुर रिसेप्शन सेंटर पर ईकेवाईसी के साथ साथ आरएफआईडी कार्ड जारी किए जा रहे हैं। ऑन स्पॉट पंजीकरण की सुविधा लखनपुर में उपलब्ध नहीं है।