हीरानगर। हीरानगर उपमंडल में भी ईद हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाह और इबादतगाहों में खुदा की इबादत की व देश और प्रदेश में अमन शांति की दुआ मांगी।
सीमावर्ती गांव कोटपुन्नू में गुज्जर समुदाय के लोगों ने मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। मढ़ीन में पीर बाबा की दरगाह पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान नेशनल कांफ्रेंस के नेता धर्मपाल कुंडल भी मुस्लिम समुदाय के लोगों को मुबारकबाद देने के लिए यहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस समुदाय के लोग हमारे दुख सुख में शरीक होते हैं और हम भी इनकी हर दुख और खुशी में शामिल होते हैं ताकि यह आपसी भाईचारा हमेशा बना रहे। इसी तरह बठ्ठल चक और प्लाई आदि गांवों में भी गुज्जर समुदाय के लोगों ने ईद का पर्व धूमधाम से मनाया।