कठुआ। अमरनाथ शिव लंगर कमेटी कठुआ की ओर से वार्ड पांच शिव मंदिर में मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन अध्यक्ष अमरनाथ के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान शिव मंदिर में भगवान शिव, हनुमान और लक्ष्मी नारायण की मूर्तियों को स्थापित किया गया और प्राण प्रतिष्ठा करवाई गई। मंदिर के पुजारी अश्वनी शर्मा, अमरनाथ और दिवाकर शर्मा ने बताया कि पहले यह मंदिर की हालत सही नहीं थी। मंदिर भी काफी छोटा था लेकिन शहरवासियों के सहयोग से इस मंदिर को भव्य बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को साधु बावली के महंत राधे गिरी महाराज की ओर से भगवान हनुमान और लक्ष्मी नारायण भगवान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई और भगवान भोलेनाथ के स्वरूप शिवलिंग को स्थापित किया गया है। आठ मार्च को मंदिर प्रागंण में धूमधाम से शिवरात्रि महोत्सव मनाया जाएगा और 10 मार्च को भंडारे का आयोजन होगा।