हीरानगर। हीरानगर कस्बे से कुछ दूरी पर जांडी बाग में स्थित माता स्जोति के पवित्र स्थल पर जंगोत्रा बिरादरी की वार्षिक मेल रविवार को धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान कुलदेवी के मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया था। बड़ी संख्या में बिरादरी के लोग यहां पहुंचे। उन्होंने माता के चरणों में माथा टेककर अपने कुल और समाज की सुख शांति और समृद्धि की कामना की।
मेल में जम्मू, कठुआ और सांबा समेत पंजाब और अन्य राज्यों से भी बिरादरी के सदस्य शामिल हुए। देव स्थल पर सुबह शुरू हुई पूजा अर्चना 11 बजे संपन्न हुई। इसके बाद बिरादरी के सदस्यों ने कुलदेवी की महा आरती में हिस्सा लिया और पवित्र स्थल की परिक्रमा कर मन्नतें मांगीं।
कुलदेवी को भोग लगाने के बाद दोपहर को यहां भंडारा खोल दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में कई तरह के पकवान और मिष्ठान के स्टाल भी लगाए गए थे। मंदिर कमेटी के सचिव बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम संपन्न होने के बाद कमेटी के सदस्यों ने बिरादरी के लोगों से इस पवित्र स्थल को विकसित करने के लिए विचार-विमर्श भी किया और अगले साल इस कार्यक्रम को और बड़े स्तर पर करने की तैयारी पर जोर दिया।