बिलावर। रविवार को मल माता सुकराला देवी के मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार के दिन अवकाश होने पर जम्मू, उधमपुर, कठुआ, बसोहली, बिलावर, पठानकोट और अन्य इलाकों से सैकड़ों भक्तों ने माता रानी के मंदिर में पहुंचकर महामाई का आशीर्वाद लिया।
सुबह से ही सुकराला गांव में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और यह क्रम दोपहर बाद तक जारी रहा।सुबह 10:00 बजे के बाद लोगों को लंबी-लंबी कतारों में लगकर महामाई के दर्शन करने पड़े। लोगों ने अपने परिवार सहित महामाई का गुणगान किया और अपने मंगलमय भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कई श्रद्धालुओं ने कंजक पूजन भी किया। स्थानीय निवासी अशोक कुमार, अंकुश, प्रवीण और अमन ने बताया के वैसे तो हर दिन मल माता के दरबार में माता रानी के दर्शनार्थ कई भक्त पहुंचते हैं लेकिन रविवार के दिन गांव में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सैकड़ों में रहती है।