कठुआ। शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना के पर्व नवरात्र को लेकर जिला भर में देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी है। वीरवार को जिला भर के देवी मंदिरों में माता के चंद्रघंटा स्वरूप की आराधना की गई। इसमें बड़ी संख्या में उमड़े भक्त माता की आराधना में लीन दिखाई दिए। पर्व के तीसरे दिन जसरोटा स्थित काली माता मंदिर, नगरी स्थित बाला सुंदरी माता मंदिर और शहर के आशापूर्णी माता के मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। इन मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों की कतार जब एक बार सुबह शुरू हुई तो दोपहर तक जारी रही। वहीं, मंदिरों के आसपास लगने वाले मेले भी भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहे। इस दौरान जहां बच्चों ने इन मेलों का लुत्फ लिया, वहीं बड़े भी वहां लगी दुकानों से खरीदारी करते देखे गए। मंदिरों में प्रशासन की ओर से इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले। जसरोटा स्थित काली माता के मंदिर में सबसे ज्यादा भक्तों की भीड़ दिखाई दी।
बिलावर स्थित माता बाला सुंदरी के भवन में भी भक्तों की भीड़ देखने को मिली। यहां जगह-जगह लगने वाले भंडारे हर ओर माता के भजन और जयकारों से पूरा माहौल भक्ति में बना रहा। उधर भंडारों में भी उत्साह चरम पर था। सेवादार एक से एक व्यंजन बनाकर वहां आने वाले भक्तों को परोसने में दिनभर जुटे रहे। बोड़ा में भक्तों की सेवा के लिए लंगर लगाने वाले पलगेतर लंगर कमेटी के ऋषि कुमार ने बताया कि हर साल उनकी कमेटी यहां भक्तों की सेवा के लिए नौ दिन भंडारे का आयोजन करती है।