कठुआ। संत गुरु रविदास जी के 647वें प्रकाशपर्व पर शहर में उनके अनुयायियों की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारलीवंड स्थित श्री गुरु रविदास सभा मंदिर परिसर से श्री श्री 108 स्वामी गुरदीप गिरी के सानिध्य में बैंडबाजे के साथ शहर में निकाली गई इस भव्य शोभायात्रा में जिले भर से आई संगत ने भाग लेकर गुरु के प्रति अपनी आस्था दिखाई।
मंगलवार को शहर के पुराना बस अड्डा स्थित मंदिर से निकाली गई इस शोभायात्रा में जहां युवा बैंडबाजे पर झूमते दिखाई दिए, वहीं महिला संगत ने इस दौरान कीर्तन किया। शोभायात्रा में बच्चे, बुजुर्ग एवं महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। उधर जराई चौक, मुखर्जी चौक, पुराना गर्ल्स हायर सेकेंडरी चौक, कॉलेज रोड, शहीदी चौक, कैप्टन सुनील चौधरी चौक से होती जब शोभायात्रा वापस मंदिर परिसर में पहुंची तो इस दौरान जगह-जगह लोगों ने स्टाल लगाकर शोभायात्रा का स्वागत किया और इसमें शामिल गुरु के अनुयायियों को प्रसाद भी वितरित किया।
गुरु रविदास मंदिर में शोभयात्रा के संपन्न होने के बाद श्री श्री 108 स्वामी गुरदीप गिरी ने कार्यक्रम में शामिल पूरी संगत को गुरु के प्रकाशपर्व की बधाई देते हुए उन्हें गुरु के बताए गए मार्ग पर चलने के लिए लोगों को प्रेरित किया। वहीं इस अवसर पर कठुआ रविदास सभा के प्रधान व पूर्व विधायक ध्यानचंद ने भी गुरु के प्रकाशपर्व पर होने वाले इस आयोजन में लोगों की बढ़ी संख्या में होने वाली भागीदारी के आभार जताया। उन्होंने 24 फरवरी को भी गुरु के प्रकाश पर्व होने वाले सत्संग व प्रवचन के कार्यक्रम में शिरकत करने की अपील की। उन्होंने गुरु रविदास के प्रकाश पर्व पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा में शामिल होने वासे अन्य सभाओं के प्रतिनिधियों आभार जताते हुए कहा कि उनकी सहभागिता से हमारा सामाजिक सदभाव मजबूत होगा।
इस मौके पर नगरी ब्लॉक से जिला विकास परिषद के सदस्य संदीप मजोत्रा, जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान चरणजीत सिंह भोला, सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट सुशील गुप्ता, विहिप के दिवाकर शर्मा सहित रविदास सभा के महासचिव लोकनाथ, उपप्रधान अंचल दास, महिला विंग की जिला प्रधान सुलोचना देवी, सलाहकार सीआर मुंडे, कोषाध्यक्ष बिशनदास, देवराज सोनी, हरिदयाल आदि भी मौजूद रहे।