कठुआ। अयोध्या धाम में श्री रामलला का दर्शन करने के जिले से जाने वाले भक्तों के जाने का सिलसिला जारी है। बुधवार को दर्शन के अभिलाषी 278 भक्तों का दूसरा जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हो गया है। इसमें वर्ष 1992 में राममंदिर निर्माण कार सेवा में शामिल जिले के रामभक्त भी शामिल रहे। पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के बीच जम्मू से अयोध्या के लिए जाने वाली आस्था स्पेशल में सवार होने वाले भक्तों में प्रभु श्रीराम के दर्शन को लेकर इस दौरान अपार उत्साह देखने को मिला।
यात्रा के संयोजक दिवाकर शर्मा ने बताया कि इस यात्रा में उनके साथ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के कठुआ विभाग के कार्यकर्ता और रामलला अक्षत वितरण कार्यक्रम में शामिल रामभक्त शामिल हुए हैं। वहीं, प्रभु श्रीराम के धाम में दर्शन के लिए ट्रेन में सवार होने वाले भक्तों में शामिल शशि शर्मा ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए कहा कि आज वह पुनीत अवसर आ गया है कि उन्हें अपने आराध्य प्रभु श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उनकी इच्छा है कि श्रीराम के भक्तों का उत्साह इसी तरह बना रहे ताकि देश में सनातन धर्म का ध्वज लहराता रहे। वहीं जतिंदर भारती ने कहा कि यह उनके जीवन में परम सौभाग्य का क्षण है क्योंकि आज उन्हें प्रभु श्रीराम के दर्शन करने का अवसर मिलने जा रहा है। वहीं यात्रा की व्यवस्था देख रहे विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री रमेश भारती ने बताया कि इस यात्रा में कठुआ, सांबा, हीरानगर, बिलावर और बसोहली से रामभक्त शामिल हुए हैं, जिनमें काफी उत्साह देखा जा रहा है।