पिछले दिनों हुई हिंसक घटना के बाद ट्रक यूनियन के नए सिरे से चुनाव कराने की कवायद पर एक गुट ने सवाल खड़े कर दिए हैं। एसएसपी कार्यालय पहुंचे यूनियन अध्यक्ष के समर्थकों ने यूनियन कार्यालय परिसर में गोलीकांड मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। साथ ही चुनाव शेड्यूल को गैर कानूनी करार देते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले नए सिरे से चुनाव नहीं हो सकते।
यूनियन अध्यक्ष के समर्थकों का नेतृत्व कर रहे अजीत सिंह ने कहा कि सोलह सितंबर की घटना एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी। उन्होंने कहा कि कुलदीप सिंह कींगू पिछले बारह वर्ष से लगातार ट्रांसपोर्टरों द्वारा अध्यक्ष चुने जाते रहे हैं। ऐसे में हार का मुंह देखने वालों ने साजिशन यूनियन कार्यालय में हिंसक वारदात को अंजाम दिया।
उन्होंने कहा कि गोलीकांड में गोली किसने चलाई और उसकी मंशा क्या थी, इसकी मजिस्ट्रेट जांच करवाई जानी चाहिए। रघुबीर सिंह, दर्शन शर्मा, हरभजन सिंह, कुशल सिंह, बाबू सिंह ने कहा कि यूनियन अध्यक्ष के खिलाफ विरोधी गुट हाईकोर्ट भी गया, लेकिन उसे हार का मुंह देखना पड़ा।
यूनियन की मौजूदा इकाई का कार्यकाल वर्ष 2017 तक है। ऐसे में नए सिरे से चुनाव करवाने की अधिसूचना गैर कानूनी है। इसमें प्रशासन को हस्तक्षेप करना चाहिए। समर्थकों ने कहा कि सिविल और पुलिस प्रशासन के समक्ष वह पूरा मामला रख चुके हैं। उन्हें भरोसा दिया गया है कि कानून से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।