कठुआ। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर बहुजन समाज पार्टी की ओर से शनिवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के कालीबड़ी रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर वक्ताओं ने बाबा साहेब के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगरी ब्लॉक के जिला विकास परिषद सदस्य संदीप मजोत्रा ने कहा कि बाबा साहेब भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी शिक्षा और संविधान के रूप में दिया गया समानता, एकता और प्रेम का संदेश हमेशा जीवित रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज में एकता, प्रेम और समानता की विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य हम सब हमेशा करेंगे। बाबा साहेब के शिक्षा संबंधी विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा को शेरनी का दूध बताया था जिसे पीने वाला समाज में दहाड़ता है। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पढ़ाएं और शिक्षित करें। यदि किसी को किताब, यूनिफॉर्म या स्कूल से जुड़ी कोई समस्या आती है तो पार्टी कार्यकर्ता हर संभव मदद करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बसपा के प्रदेश महासचिव सुनील मजोत्रा ने कहा कि यह दिन बहुजन समाज और पूरे देश के लिए दुखद है क्योंकि इसी दिन महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने वाले और समाज को समानता का हक दिलाने वाले हमारे मसीहा बाबा साहेब का निधन हुआ था। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने ऊंच-नीच और भेदभाव की पुरानी परंपराओं को समाप्त कर समाज को एकता और समानता का मार्ग दिखाया।
उन्होंने अपील की कि सभी कार्यकर्ता और नागरिक आपसी भाईचारा बनाए रखें। किसी भी प्रकार के गलत बातों में न आएं और संविधान के मार्ग पर चलें। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में समानता और एकता को मजबूत करें।