बसोहली में मिशन युवा की समीक्षा करते एडीसी पंकज भगोत्रा।
कठुआ। बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए सरकार के मिशन युवा चलाया है। इसकी समीक्षा के लिए वीरवार को बसोहली के एडीसी कार्यालय में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए एडीसी पंकज भगोत्रा ने युवा दूतों से मिशन युवा के तहत स्थापित बिजनेस हेल्पडेस्क के कार्यों की प्रगति जानी।
एडीसी ने कहा कि 18 जून को उनके कार्यालय में प्रस्तावित मिशन युवा के तहत बिजनेस हेल्प डेस्क की साप्ताहिक बैठक से पहले प्रत्येक युवा दूत कम से कम एक लाभार्थी को पोर्टल पर पंजीकृत कराएगा।
बैठक में एडीसी ने युवा दूतों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में बताकर पिछले सप्ताह उनके माध्यम से कराए गए कार्यों की जानकारी ली। कई युवाओं ने उन्हें पेश आ रही तकनीकी समस्याओं के बारे में बताया, जिनके समाधान के लिए तकनीकी और उच्चाधिकारियों से संपर्क किया गया।
उन्होंने मिशन युवा के लिए गठित समिति के सदस्य, खंड विकास अधिकारी और कृषि विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि यदि किसी युवा दूत को काम करने में कोई परेशानी पेश आ रही है तो वह उसकी मदद करें।
बैठक में खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार, कृषि विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ सुरेंद्र मिश्रा, जम्मू कश्मीर बैंक बसोहली के प्रबंधक गौतम शर्मा, बसोहली और महानपुर तहसीलों में कार्यरत युवा दूत मौजूद रहे।