हीरानगर। दिल्ली अमृतसर कटड़ा एक्सप्रेस वे के निर्माण के चलते चड़वाल में धीमी गति से चल रहा फ्लाईओवर का निर्माण अब तेज होता दिख रहा है। इसके लिए अब मुख्य चौक से भी यातायात सिंगल लेन पर परिवर्तित करने का काम शुरू हो गया है।
हालांकि सिंगल लेन पर यातायात परिवर्तित किए जाने से यहां जाम की समस्या और बढ़ेगी और इसी के साथ धूल मिट्टी भी आम लोगों के साथ-साथ दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बनेगी। 10 महीने से भी अधिक समय से यहां फ्लाईओवर बनाने का काम चल रहा है लेकिन मुख्य चौक में पिलर का काम कुछ महीनों से रुका हुआ था। अब यहां कार्य फिर से शुरू होने से लोगों में काम जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है। मुख्य चौक के आसपास धीमी गति से चल रहे कार्य के कारण दुकानदारों में यहां काम कर रही कंपनी के प्रति भारी रोष है। उनका कहना है कि पिछले कई महीनों से वे धूल फांक रहे हैं और सामान को भी नुकसान हो रहा है। लोगों का कहना है कि जितना समय यहां पिलर तैयार करने में लगाया गया है, कई जगह पर इतने समय में फ्लाईओवर तैयार भी किए गए हैं। मुख्य चौक में कई महीने से सर्विस लेन पर यातायात चल रहा है और सर्विस लेन की चौड़ाई कम होने के कारण अक्सर यहां जाम की परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब यातायात सिंगल सर्विस लेन पर परिवर्तित किए जाने से दिक्कतें और बढ़ेंगी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि यहां काम कर रही कंपनी जल्द से जल्द अपना काम पूरा करे।
स्थानीय दुकानदार निशिकांत शर्मा ने कहा कि करीब एक वर्ष से यहां फ्लाईओवर बनाने का कार्य चल रहा है लेकिन अभी तक पिलर बनाने का काम पूरा नहीं हुआ है। इसकी वजह से सर्विस लेने के किनारे बैठे दुकानदारों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कंस्ट्रक्शन साइट पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव न होने के कारण दुकानों के भीतर रखे सामान को नुकसान हो रहा है और दिन भर यहां धूल मिट्टी उड़ने से दुकानदारों के स्वास्थ्य को भी हानि हो रही है। अब यहां काम में थोड़ी तेजी दिखाई गई है। बेहतर होगा कि इसी गति से काम को आगे बढ़ाते हुए जल्द इस काम को खत्म किया जाए।
ठेला लगाकर फल बेचने वाले केवल कृष्ण ने कहा कि यहां फ्लाईओवर के निर्माण के लिए पिलर बनाने का काम शुरू किया गया। इसके लिए खुदाई से निकाली गई मिट्टी इनके आसपास बिछाई गई। अब जब यहां से हाईवे का ट्रैफिक गुजरता है तो पूरे दिन धूल मिट्टी उड़ती है। जइससे ठेले पर रखे फलों पर मिट्टी पड़ने के कारण ग्राहक इसे देखते ही वापस चले जाते हैं। उन्होंने कहा यहां धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य के कारण उन्हें काफी नुकसान झेलना पड़ा है, इसलिए बेहतर होगा कि अब इस निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए।